SocialStates

अयोध्या : कौशलेश सदन के सौन्दर्यीकरण एवं अन्य सुविधाओं के लिए 2.5 करोड़ रूपये की धनराशि स्वीकृत

अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निकट स्थित कौशलेश सदन में पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके लिए लगभग 2.5 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की गयी है। इस धनराशि में से 1.5 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं। यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के धार्मिक-आध्यात्मिक स्थलों का प्राथमिकता के आधार पर विकास कराया जा रहा है।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला विराजमान होने के बाद पर्यटन में तेजी वृद्धि दर्ज हुई है। वर्ष 2024 में जनवरी से जून तक प्रदेश में लगभग 33 करोड़ पर्यटक आए थे, जिसमें करीब 11 करोड़ लोग अयोध्याधाम पहुंचे। पर्यटन विभाग अयोध्या में निरंतर पर्यटक सुविधाएं विकसित कर रहा है। सभी धार्मिक-आध्यात्मिक स्थलों को सजाया संवारा जा रहा है।

श्री जयवीर सिंह ने बताया कि कौशलेश सदन में पर्यटन सुविधाओं के विकास करने की तैयारी। तकरीबन 2.5 करोड़ रुपए की राशि से जीर्णाेद्धार के साथ-साथ फसाड, स्ट्रीट लाइट, बेंचेज, लैंडस्केपिंग, हार्टिकल्चर, फुटपाथ, पेयजल सुविधा, शौचालय, सीसीटीवी, फुटपाथ आदि का कार्य कराया जाएगा। कौशलेश सदन में इन योजनाओं के पूरा होने के बाद पर्यटकों को अनेक सुविधाएं प्राप्त होंगी।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से विकास करने वाला राज्य है। पर्यटन सेक्टर में रोजगार तथा निवेश की असीमित संभावनायें हैं, इसको दृष्टिगत रखते हुए पूरे प्रदेश में पर्यटन का वातावरण बनाया जा रहा है। अयोध्या में पर्यटकों के लिए धार्मिक-आध्यात्मिक स्थलों के अलावा पर्यटन के अन्य आयाम जैसे वाटर स्पोर्ट, रूरल टूरिज्म, एयर टूरिज्म आदि पर तेजी से काम हो रहा है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश में आने वाले पर्यटक विशिष्ट अनुभव लेकर लौटें।

Spread the love