पीएम मोदी बने मॉरिशस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पाने वाले पहले भारतीय
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मॉरिशस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार और की ऑफ द इंडियन ओशन” से सम्मानित किया गया। वह इस प्रतिष्ठित सम्मान को प्राप्त करने वाले पहले भारतीय बने।”
इस सम्मान की घोषणा मॉरिशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम ने पोर्ट लुइस में भारतीय प्रवासियों के एक विशेष कार्यक्रम के दौरान की। यह प्रधानमंत्री मोदी को प्राप्त होने वाला 21वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।
भारत-मॉरिशस के ऐतिहासिक संबंधों का प्रतीक
सम्मान प्राप्त करने पर पीएम मोदी ने मॉरिशस की जनता और सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह केवल उनका सम्मान नहीं बल्कि भारत और मॉरिशस के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है। उन्होंने प्रवासी भारतीय समुदाय की भूमिका को भी सराहा और कहा कि दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्ते प्रवासी भारतीयों की आत्मीयता में स्पष्ट झलकते हैं।
ओसीआई कार्ड जारी करने की घोषणा
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर मॉरिशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम और उनकी पत्नी वीना रामगुलाम को ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड जारी करने की घोषणा की, जिससे मॉरिशस और भारत के संबंध और अधिक प्रगाढ़ होंगे।
द्विपक्षीय वार्ता का आयोजन
इस समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नवीनचंद्र रामगुलाम के बीच एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार, सांस्कृतिक और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा होगी।
