उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को सीयूजी नम्बर हमेशा क्रियाशील रखने के दिये निर्देश
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जी की मंशा के अनुरूप उत्तर प्रदेश शासन, ग्राम्य विकास विभाग ने जनपदों में तैनात अधिकारियों को राज्य स्तर से आवंटित सी0यू0जी0 नंबर को निरंतर एक्टिव रखने के निर्देश निर्गत किये हैं।
सरकार द्वारा समस्त अधिकारियों को जनता के प्रति जवाबदेह और जिम्मेदार बनाने के लिहाज से आवंटित सरकारी मोबाइल, सीयूजी नंबर पर आने वाली हर कॉल को खुद रिसीव करने के निर्देश हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि जनता की समस्याओं का ससमय समाधान करना और जन आकांक्षाओं व सरकार की मन्शा के अनुरूप, संचालित जनोपयोगी योजनाओं को अमली जामा पहनाना व सोशल सेक्टर की हर योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति को उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए निरन्तर आपसी समन्वय व संवाद बनाये रखना जरूरी होता है।
जनपदों में तैनात विभागीय अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें। कहीं भी संवादहीनता की स्थिति न आने पाये। इसलिए मोबाइल नम्बर भी हमेशा क्रियाशील रखना जरूरी है।
