उत्तराखंड : भारत-कजाकिस्तान संयुक्त सैन्य युद्धाभ्यास का आज औली में समापन
भारत-कजाकिस्तान संयुक्त सैन्य अभ्यास काज़िंद-2024, आज औली में समाप्त हो गया। दोनों देशों के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास 30 सितम्बर से 13 अक्टूबर तक चला।
इस सैन्य अभ्यास का उदे्श्य आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने के लिए संयुक्त सैन्य क्षमता को बढ़ाना था। इस अभ्यास से दोनों मित्र राष्ट्रों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती मिली है। संयुक्त अभ्यास के समापन समारोह में कजाकिस्तान सेना के उप प्रमुख कर्नल डी खमितोव, कजाकिस्तान सेना के दक्षिणी कमान के क्षेत्रीय बल कमांडर कर्नल नुरलान करिबयेव और ब्रिगेडियर उपिंदर पाल सिंह, कमांडर 116 इन्फैंट्री ब्रिगेड ने भाग लिया।
काज़िंद अभ्यास भारत और कजाकिस्तान में वैकल्पिक रूप से आयोजित एक वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है। पिछला संस्करण जुलाई 2023 में कजाकिस्तान में आयोजित किया गया था। 120 कर्मियों वाली भारतीय टुकड़ी का प्रतिनिधित्व मुख्य रूप से कुमाऊं रेजिमेंट की एक बटालियन और भारतीय वायु सेना के अलावा अन्य सेवाओं के कर्मियों द्वारा किया गया था। 60 कर्मियों वाली कजाकिस्तान टुकड़ी का प्रतिनिधित्व मुख्य रूप से सैन्य बल, वायु रक्षा बल और एयरबोर्न असॉल्ट सैन्य कर्मियों द्वारा किया गया था।
